• Sun. Oct 18th, 2026

विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण की पहल पर कोटद्वार के हल्दुखाता तल्ला में 675 करोड़ की लागत से प्रस्तावित 400 केवी विद्युत उपकेंद्र, उत्तराखंड का चौथा सबसे बड़ा उपकेंद्र होगा

Spread the love

देहरादून/कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण के प्रयासों से कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हल्दुखाता तल्ला में 400 केवी क्षमता का विशाल विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। लगभग 675 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित यह विद्युत उपकेंद्र उत्तराखंड राज्य का चौथा सबसे बड़ा विद्युत उपकेंद्र होगा।

वर्तमान में कोटद्वार क्षेत्र को सतपुली स्थित विद्युत उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। प्रस्तावित उपकेंद्र के निर्माण से कोटद्वार सहित समूचे पौड़ी गढ़वाल जनपद की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता एवं क्षमता में सुधार होगा और भविष्य की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी।

इस परियोजना से सिगड्ड़ी ग्रोथ सेंटर को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। उपकेंद्र के निर्माण से औद्योगिक क्षेत्र को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही निवेश और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण के माध्यम से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिस पर विभिन्न संबंधित विभागों की संस्तुतियां भी प्राप्त हो चुकी हैं। यह परियोजना कोटद्वार एवं समूचे पौड़ी गढ़वाल के विकास और भविष्य की विद्युत आवश्यकताओं को देखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि कोटद्वार के सर्वांगीण विकास और क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। 400 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना से आमजन को बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा और सिगड्ड़ी ग्रोथ सेंटर सहित पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। कोटद्वार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Solverwp- WordPress Theme and Plugin